सहारनपुर। रात में यात्रा करने वाले लोग अपनी सुविधा के लिए ट्रेन में सीट आरक्षित करवाते हैं, लेकिन उन्हें सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। आलम यह है कि इनकी सीटों पर बिना आरक्षण करने वाले यात्री बैठे मिलते हैं। ये स्थिति रात में स्लीपर कोचों में आम हो रही है। इसकी शिकायत एक यात्री ने सांसद के जरिए रेलमंत्री से की है।
पेपर मिल स्थित कपिल विहार निवासी अशोक कुमार वालिया 14 दिसंबर को लखनऊ जाने के लिए जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराया था। वह सहारनपुर से इस ट्रेन में सवार हुए। जब वह निर्धारित कोच की सीट पर बैठने के लिए गए तो उनकी सीट पर पहले से ही यात्री बैठे मिले। उन्होंने यात्रियों से उठने के लिए कहा तो वह नहीं उठे। स्लीपर कोच का जनरल जैसा हाल हो गया है। अनाधिकृत यात्री सफर करते हैं। उनका आरोप है कि टीटीई या रेलवे पुलिस नहीं आती है। कई बार जब टीटीई को शिकायत दर्ज की जा रही थी, तो वह आरपीएफ का हवाला दे देते हैं। रेलवे पुलिस से संपर्क करते हैं तो वह कानून व्यवस्था बनाए रखने की बात कहते हैं। उन्होंने इस समस्या को रेल मंत्री से अवगत कराने के लिए सांसद के माध्यम से ज्ञापन भेजा है, ताकि स्लीपर कोच से अनाधिकृत यात्री सफर न कर सकें और आरक्षण वाले यात्रियों को सीट मिल जाए।