हलालपुर में निर्माणाधीन तालाब का निरीक्षण करती नगरायुक्त ग़जल भारद्वाज
सहारनपुर। नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने शुक्रवार को कई कार्यों का निरीक्षण करते हुए उनकी प्रगति का जायजा लिया। दिल्ली रोड पर नाले के निर्माण में गुणवत्ता सही नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ठेकेदार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
नगरायुक्त सबसे पहले सुबह करीब दस बजे कोर्ट रोड के डिवाइडर की ग्रिल पर बनाए गए वर्टिकल गार्डन का निरीक्षण करने पहुंची। उन्होंने गमलों में आकर्षक तथा चटकीले रंगों वाले पुष्पीय पौधे लगाने के निर्देश दिए। पौधों की सुरक्षा के लिए आसपास के दुकानदारों से सहयोग का अनुरोध किया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली रोड पर निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण किया और कार्य गुणवत्तापूर्ण न मिलने पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। विकास भवन के बाहर स्थित शौचालय का भी निरीक्षण किया और वहां शौचालय की निरंतर साफ सफाई कराने तथा दीवारों पर पेंट कराने के अलावा केयर टेकर के बैठने के लिए एक शेड बनाने के निर्देश दिए। शौचालय के पास से गुजर रहे गहरे नाला जगह जगह पर खुला मिला, जिस पर स्लैब रखने के निर्देश दिए गए।
हकीकतनगर स्थित धरना स्थल व उसके आस पास का निरीक्षण किया। पूर्व पार्षद अमित त्यागी ने सुझाव दिया कि धरना स्थल के बाहर कॉर्नर पर सेल्फी प्वाइंट बनाकर उस तिराहे का सुंदरीकरण कराया जाए। चिलकाना रोड स्थित हलालपुर में निर्माणाधीन तालाब का कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने स्मार्ट सिटी के कार्यों का निरीक्षण किया। मनोहरपुर में स्मार्ट सिटी के तहत बनाए जा रहे ई-सुविधा केंद्र में प्रवेश के लिए स्कूल के अतिरिक्त वैकल्पिक मार्ग तलाशने के निर्देश दिए। हकीकत नगर में पानी की टंकी वाले परिसर में निर्माणाधीन जोनल ऑफिस का भी निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को कार्य जल्द पूरा करने के साथ ही आस पास के क्षेत्र को विकसित व उसका सुंदरीकरण करने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम, सहायक अभियंता दानिश नकवी, जेई हरिओम व अनूप सिंह आदि मौजूद रहे।