सहारनपुर। अज्ञात वाहन की टक्कर से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों की कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इसमें दस वर्षीय बच्ची सहित कार सवार तीन लोग घायल हो गए।
गंगोह थाना क्षेत्र के गांव बल्ला मजरा निवासी अफजाल पुत्र हसन अब्बास, तौफीक (15) पुत्र आलिम व आफिया (10) पुत्री आलिम कार द्वारा देवबंद रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वे नानौता थाना क्षेत्र के गांव टिकरोल स्थित भट्ठे के समीप पहुंची तो सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इससे कार सवार तीनों लोग घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए तथा एंबुलेंस 108 बुलाकर घायलों को सीएचसी नानौता पर उपचार हेतु भिजवाया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। संवाद