सहारनपुर। जनपद के परिषदीय और एडेड प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पंजीकृत करीब 44 हजार विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते, मोजे आदि का रुपया अभी तक जारी नहीं हुआ है। इसकी वजह से हजारों विद्यार्थी यूनिफॉर्म से वंचित हैं। सर्दी जोर पकड़ रही है, जिसमें न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में विद्यार्थी बिना स्वेटर और बिना जूतों के विद्यालय पहुंच रहे हैं।
विद्यार्थियों की यूनिफाॅर्म, स्कूल बैग, स्वेटर, जूते, मोजे आदि के लिए पैसा अभिभावकों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता है। इस बार जनपद में कुल 2.22 लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। यूनिफॉर्म आदि का रुपया मई में आया था, जो तभी ट्रांसफर कर दिया गया था। अभी तक दो चरणों में 1.78 लाख विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते आदि के रुपये खातों में भेजे जा चुके हैं। शेष करीब 44 हजार विद्यार्थियों के रुपये जाना अभी बाकी है। इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का रुपया ट्रांसफर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी बिना स्वेटर, जूते और मौजे के विद्यालय पहुंच रहे हैं। जिससे उनको सर्दी से जूझना पड़ रहा है।
किसी का खाता बंद तो कोई आधार से लिंक नहीं
जनपद में करीब दस हजार विद्यार्थी ऐसे हैं, जिनके अभिभावकों के बैंक खाते या तो किसी कारण से बंद हैं या फिर उनके अभिभावकों ने अपने बैंक खाते को आधार से लिंक नहीं कराया है। इस वजह से भी रुपये ट्रांसफर नहीं हो रहे।
यूनिफाॅर्म और स्वेटर आदि के लिए अभिभावकों के खातों में रुपये भेजे जा रहे हैं। करीब 10 हजार विद्यार्थी ऐसे हैं, जिनके अभिभावकों के खातों में दिक्कत आ रही है। इस वजह से रुपये नहीं भेज जा रहे।
-डॉ. विनीता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी