सहारनपुर। तीन दिन से हो रही बूंदाबांदी और हल्की हवा के कारण जनपद की हवा पूरी तरह साफ हो गई है। जो एक्यूआई सामान्य दिनों में 130 से 150 तक रहता है। वह इन दिनों 30 तक आ गया है। यानी हवा प्रदूषण से मुक्त हुई है।
सहारनपुर औद्योगिक जनपद नहीं है। जबकि इसका पड़ोसी जनपद मुजफ्फरनगर और दूसरी ओर हरियाणा का यमुनानगर औद्योगिक जिले हैं। इन दोनों जनपदों में सामान्य दिनों में एक्यूआई 200 से अधिक रहता है। विशेष दिवसों में मुजफ्फरनगर का एक्यूआई 300 से 400 के बीच चला जाता है। शनिवार को यमुनानगर का एक्यूआई 48 और मुजफ्फरनगर का एक्यूआई 43 रहा, जबकि सहारनपुर का एक्यूआई इन सबसे कम 30 पर रहा। एक्यूआई में गिरावट का मुख्य वजह तीन दिन से लगातार हो रही बूंदाबांदी है। हालाकि पूरे देश में ही इस समय वायु प्रदूषण नाम मात्र का है। पर्यावरणविद डॉ. उमर सैफ का कहना है कि बरसात के दिनों में वायु प्रदूषण कम होना सामान्य बात है, लेकिन देश भर में प्रदूषण में कमी आना खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि तीन दिन से हो रही बूंदाबांदी सहारनपुर और उसके आसपास के जनपदों तक है, जिसकी वजह से हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
हवा की गुणवत्ता और उसकी स्थिति
एक्यूआई शून्य से 50 के बीच रहे तो अच्छा
51 और 100 के बीच रहे तो संतोषजनक
101 और 200 के बीच रहे तो सामान्य
201 और 300 के बीच रहे तो खराब
301 और 400 के बीच रहे तो बेहद खराब
401 से 500 के बीच रहे तो गंभीर