ऑडियो वायरल, अनैतिक कार्य करने से मना कर रहा था किरायेदार दंपती
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। अनैतिक कार्य से मना करने पर मकान मालिक ने न सिर्फ किराएदार दंपती को गालियां दीं, बल्कि उन्हें गोली मारने तक की धमकी दे डाली। मकान मालिक की यह ऑडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रही 4 मिनट 55 सेकेंड की ऑडियो में एक व्यक्ति फोन पर महिला और उसके पति को गालियां देकर मकान खाली करने के लिए तरह-तरह की धमकियां दे रहा है। दंपती गिड़गिड़ा कर दो दिन का समय मांग रहा है, लेकिन व्यक्ति नहीं माना। ऑडियो में वह दंपती को कई बार गोली मारने तक की धमकी देता सुनाई दे रहा है। बताया जाता है कि यह मामला खानकाह पुलिस चौकी क्षेत्र की एक कॉलोनी का है। जहां एक मजदूर किराए के मकान में पत्नी और बेटी के साथ रहता है। बताया गया है मकान मालिक का एक रिश्तेदार अकसर किराएदारों को कुछ देर के लिए घर से बाहर भेज कर वहां अनैतिक कार्य करता है। इससे कॉलोनीवासी भी परेशान हैं। रिश्तेदार से शिकायत मिलने पर मकान मालिक ने फोन कर किराएदार दंपती को भद्दी गालियां देते हुए गोली मारने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।