तीन दिन से हो रही बारिश के साथ हवा चलने से तापमान में भारी गिरावट है। जो अधिकतम तापमान 18 अप्रैल को 40 डिग्री सेल्सियस पर था वह अब गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस यानी आधे पर आ गया है। जिसकी वजह से लोगों को ठंडक महसूस हो रही है। वहीं एक्यूआई में सुधार होने से शिवालिक रेंज की पहाड़ियां जिले से साफ नजर आईं।
सहारनपुर जनपद में बारिश रविवार की शाम से शुरू हुई थी, जिसके बाद से रुक रुककर बारिश हो रही है। बुधवार की सुबह भी बारिश की हल्की बौछारों के साथ शुरू हुई। 10:30 बजे तक बारिश रुक गई थी, लेकिन 11:30 बजे फिर से बारिश शुरू हुई, जो दोपहर 1:15 बजे तक होती रही। इसके बाद करीब डेढ़ बजे बादल छंटना शुरू हुए और धूप निकल आई।
शाम तक धूप रही। बारिश की वजह से महानगर के कई मार्गों और कॉलोनियों में जलभराव और कीचड़ की समस्या बरकरार रही। बुधवार को 8 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश और हवा की वजह से प्रदूषण लगभग खत्म हो गया है, जिसकी वजह से बुधवार को भी सहारनपुर से शिवालिक की पहाड़ियां नजर आईं। लोग कोर्ट रोड पुल पर खड़े होकर मोबाइल से फोटो खींचते नजर आए। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी बारिश होने का अनुमान जताया है।
तीन दिन से भीग कर बर्बाद हुई गेहूं की फसल
जिन किसानों की गेहूं की फसल खेतों में कटी पड़ी है। उनके लिए मुसीबत यह है कि तीन दिन से लगातार बारिश के कारण वह कटी पड़ी फसल को बचाने के लिए कुछ नहीं कर पा रहे हैं। देहात के कई खेतों में पानी इस कदर भरा है, जिसमें गेहूं पूरी तरह डूबे हुए हैं। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि तीन दिन तक कटी फसल लगातार भीगने से फसल खराब होने की ज्यादा आशंका रहती है।