नकुड़/बड़गांव। बारिश में तहसील कार्यालय की करीब 25 फीट लंबी दीवार गिर गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे किशोर सहित दो लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उधर बड़गांव में भी मकान की छत गिर गई। गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया।
रविवार की दोपहर नकुड़ तहसील कार्यालय के पीछे की तरफ बनाई गई बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर कर दलित बस्ती की ओर गिर गई। इसमें वहां से गुजर रहे जोगेंद्र व 15 वर्षीय विशाल मलबे में दब गए। चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोगों ने तुरंत ही दोनों को निकालकर सीएचसी भिजवाया तथा सूचना एसडीएम अजय कुमार अम्बष्ट को दी। एसडीएम ने मौके पर पहुंच कर मलबा हटाने व विद्युत पोल बदलने निर्देश दिए। मोहल्ले वालों ने बताया कि उक्त दीवार करीब दो वर्ष पूर्व ही बनी थी।
उधर बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव शिमलाना निवासी सतीश पुत्र बलजोरा के मकान की छत अचानक भरभरा कर नीचे गिर गई। पीड़ित ने तहसील प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।