चिलकाना (सहारनपुर)। दो वर्ष पहले कुत्ते के काटने से पीड़ित बच्चे में अचानक रेबीज के लक्षण उभरे और उसकी मौत हो गई। मौत से घर में कोहराम मच गया। चिलकाना के गांव सीकरी खुर्द निवासी शहजाद के आठ वर्षीय पुत्र आहद को करीब दो वर्ष पहले घर के बाहर खेलते समय कुत्ते ने काट लिया था। बताया गया कि उस समय परिजन आहद को रेबीज का टीका नहीं लगवा पाए। अब तीन दिन पहले आहद को पानी से डर लगने लगा तथा उसका स्वास्थ्य अचानक खराब होने लगा। परिजन आहद को सहारनपुर एक बाल रोग विशेषज्ञ के पास ले गए। जहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए कहा कि इसे कुत्ते के काटने से इंफेक्शन हो गया है। डॉक्टर ने आहद को हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने अहद को हायर सेंटर ले जाने से पहले इधर-उधर भी दिखाया। सोमवार की देर शाम जब परिजन आहद को चंडीगढ़ ले जा रहे थे, तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। आहद की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मंगलवार को गमगीन माहौल में उसको सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।