अवैध वसूली की शिकायत पर लेखपाल निलंबित
रामपुर मनिहारान। तहसील कार्य में लापरवाही करने और विरासत दर्ज करने के लिए अवैध वसूली करने की शिकायत पर एसडीएम एसएन शर्मा ने तहसील लेखपाल संघ के अध्यक्ष प्रदीप कुमार को निलंबित किया। उपजिलाधिकारी कार्यालय से जारी पत्र में कहा कि तहसील के लेखपाल प्रदीप कुमार ने अपने हल्के के गांव जंधेड़ी, काशीपुर, ठसका का संपत्ति रजिस्टर भौतिक सत्यापन के बाद भी जमा नहीं कराया । प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा के अंतर्गत लाभार्थियों को योजना का लाभ न देने और विरासत दर्ज करने के लिए ग्रामीणों से अवैध वसूली, आय, जाति, निवास, हैसियत, चरित्र प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, सीमांकन संबंधी कार्य आदि में लापरवाही करने पर उनके निलंबन की संस्तुति की जाती है। एसडीएम ने बताया कि निलंबन अवधि के दौरान उन्हें जीवन निर्वाह करने हेतु अर्ध वेतन दिया जाएगा, परंतु महंगाई भत्ता देय नहीं होगा।