सहारनपुर, चिलकाना। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश का पानी यमुना नदी में आने से यमुना क्षेत्र में बाढ़ आ गई। इस कारण यमुना नदी के पार स्थित उत्तर प्रदेश के दो गांवों का आवागमन बंद हो गया। देर शाम यमुना नदी में पानी कम होने के बाद लोग अपने गंतव्य पर आ जा सके।
शनिवार की दोपहर बाद यमुना नदी में अचानक पानी आ गया। बाढ़ का पानी आने से गांव सोंधेबांस, भूड़ तथा गाजदीनपुर का संपर्क कट गया। लोगों को आने-जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ा। शिवालिक की पहाड़ियों में हुई बारिश का पानी अचानक यमुना नदी में आने से यमुना पार के गांवों का संपर्क कट जाता है। बाढ़ के पानी से यमुना नदी में खड़ी प्लेज की फसल नष्ट हो गई। इसके अलावा बाढ़ के पानी से धान तथा अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। देर शाम बाढ़ का पानी कम होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।