- विश्वविद्यालय के शैक्षणिक समन्वयक ने विद्यार्थियों से की अपील
सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेशित विद्यार्थियों में से बड़ी संख्या में कक्षाओं में उपस्थित नहीं हो रहे हैं। विश्वविद्यालय के शैक्षणिक समन्वयक को विद्यार्थियों से कक्षाओं में उपस्थिति के लिए अपील करनी पड़ी है। जिसमें उन्होंने 75 फीसदी से कम उपस्थिति होने पर परीक्षाओं में शामिल नहीं होने देने की चेतावनी भी दी है।
विश्वविद्यालय परिसर में पहली बार स्नातकोत्तर स्तर पर पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। कुल 24 पाठ्यक्रम हैं, जिनमें दाखिले की प्रक्रिया कुछ दिन पहले ही पूर्ण हुई है। यह अलग बात है कि प्रवेश उतनी संख्या में नहीं हो सके हैं, जितनी उम्मीद की जा रही थी। चूंकि सत्र लेट हो रहा था। ऐसे में विश्वविद्यालय ने समय से कक्षाओं का संचालन 16 अक्तूबर से शुरू किया हुआ है। लेकिन ज्यादातर विद्यार्थी कक्षाओं में उपस्थित नहीं हो रहे हैं।
शैक्षणिक समन्वयक ने विद्यार्थियों के लिए सूचना जारी की है, जिसमें कक्षाओं में कम से कम 75 फीसदी उपस्थिति दर्ज कराने को कहा गया है। चेतावनी दी है कि जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 फीसदी से कम होगी वह परीक्षा में नहीं बैठ पाएंगे। साथ ही वह पाठ्यक्रम को पढ़ने से वंचित भी रह जाएंगे। यदि 75 फीसदी से कम उपस्थिति पर विद्यार्थी को परीक्षा आदि से वंचित किया जाता है तो इसके लिए वह खुद जिम्मेदार होगा।