सहारनपुर। सांस्कृतिक धरोहर के आदान प्रदान के लिए माध्यमिक विद्यालयों के तीन छात्र 14 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश जाएंगे। वह वहां एक दूसरे के राज्य की भाषा, संस्कृति, भोजन, संगीत, खेल और नृत्य को एक दूसरे के साथ साझा करेंगे। छात्रों का नेतृत्व अंबरीष कुमार करेंगे। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य शोभा चौधरी भी साथ जाएंगी।
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत केंद्र सरकार की एक भारत श्रेष्ठ भारत पहल में सांस्कृतिक विनिमय कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसमें सहारनपुर के माध्यमिक विद्यालयों के दो शिक्षक एवं तीन विद्यार्थी 14 अगस्त से अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर जाएंगे। इस योजना में अरुणाचल प्रदेश एवं मेघालय को उत्तर प्रदेश का सहभागी राज्य घोषित किया गया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के विद्यालयों में लगातार अरुणाचल प्रदेश एवं मेघालय की सांस्कृतिक विरासत भाषा, संस्कृति, भोजन, संगीत, खेल और नृत्य पर अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्त्रांशु कुमार सुमन ने बताया कि हमें नई चीजों को तलाशने और जितना हो सके सीखने की जरूरत होती है। बनारसी दास इंटर कॉलेज खेड़ा मुगल के शिक्षक एवं कार्यक्रम के मंडल समन्यक अंबरीष कुमार के नेतृत्व में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या शोभा चौधरी तथा केसीसीपी आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा अमूल्या, गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा मुस्कान और गुरु नानक इंटर कॉलेज के समर्थ मल्होत्रा अरुणाचल प्रदेश में होने वाले कार्यक्रम में भाग लेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त ने कहा कि भाषाएं सभी बाधाओं को तोड़ती हैं और सीखना हमेशा खुशी का विषय होता है।