सहारनपुर। हर परिवार को कनेक्शन देने के लिए विद्युत निगम ने नया तरीका अपनाया है। विद्युत निगम की ओर से इंटर कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक व उच्च शिक्षा संस्थानों के छात्रों से सर्वे कराएगा। इसमें स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं भी शामिल रहेंगी। प्रति नए कनेक्शन पर 100 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एम देवराज ने प्रत्येक परिवार को विद्युत कनेक्शन देनेे के लिए आदेश दिए हैं। इसके तहत डीएम की अध्यक्षता में इंटर कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक एवं उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित कर विद्यालयों के छात्रों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से एक सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए परिवार रजिस्टर में दर्ज परिवारों का और राशन कार्ड धारकों का डाटा लिया जाएगा।
छात्र और समूह की महिलाएं घर-घर जाकर सर्वे करेंगी। अगर घर पर विद्युत कनेक्शन है तो बिना किसी कार्रवाई के वे आगे बढ़ जाएंगी। विद्युत कनेक्शन न होने की स्थिति में या बिजली चोरी में वे सर्वे फार्म भरेंगे। वे सर्वे फार्म विद्युत निगम को दिया जाएगा। इससे नया विद्युत कनेक्शन देने के लिए ऐसे परिवारों को प्रेरित किया जा सकेगा। आदेश आने के बाद विद्युत निगम के अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है।
प्रत्येक परिवार को विद्युत कनेक्शन देने के लिए सर्वे कराया जाएगा। यह सर्वे छात्रों एवं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं करेंगी। इसको लेकर जल्द ही डीएम की अध्यक्षता में बैठक होगी। उसके बाद छात्रों की टोलियों को क्षेत्र आवंटित कर सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के बाद प्रति नए कनेक्शन के लिए 100 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
- मुनीश चोपड़ा, अधीक्षण अभियंता एवं नोडल अधिकारी, विद्युत निगम