सरसावा में रैली निकालते डीएवी के छात्र-छात्राएं
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। डीएवी हाईस्कूल तथा सरसावा पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से नशा मुक्ति अभियान एवं सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया। इसमें जनता को सड़क पर आवागमन के नियमों के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।
मंगलवार को डीएवी हाईस्कूल में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित करने के उपरांत सरसावा थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेश शर्मा ने कहा कि नशा वृत्ति अपराध की जननी है। प्रभारी निरीक्षक ने स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि भारत में सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण लापरवाही है। यदि हम सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करते हैं तो ये अनमोल जीवन बचा रहता है।
कार्यक्रम के उपरांत डीएवी हाईस्कूल के बच्चों ने नशा वृत्ति रोकने तथा सड़क सुरक्षा जागरुकता के लिए एक रैली भी निकाली, जिसको अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य देशबंधु शर्मा, नरेश चंद जैन, प्रमोद पंवार, दिनेश गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, नेहा राणा, प्रमोद कश्यप, नरेंद्र धीमान आदि मौजूद रहे।