सहारनपुर। नव वर्ष को लेकर होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। रात्रि कर्फ्यू की वजह से 11 बजे के बाद कहीं भी कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा। इसको लेकर एसएसपी आकाश तोमर ने जनपद के सभी 21 थाना प्रभारियों के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है, जो शुक्रवार की रात आठ बजे से लागू होगा। एसएसपी का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह रहेगी यातायात व्यवस्था
- उत्तराखंड से हरियाणा की ओर जाने वाले वाहन बाईपास से होकर जाएंगे। इसको लेकर थाना गागलहेड़ी प्रभारी बाईपास कट पर रूट डायवर्जन पालन लागू कराएंगे।
- हरियाणा से देहरादून की तरफ जाने वाले वाहन बाईपास से होकर जाएंगे। थाना सरसावा प्रभारी बाईपास से यातायात प्लान सख्ती से पालन कराएंगे।
- दिल्ली रोड की तरफ देहरादून व अंबाला की तरफ जाने वाले वाहन भी बाईपास से होकर जाएंगे।
- नागल की तरफ से देहरादून व अंबाला जाने वाले वाहन भी बाईपास से होकर जाएंगे।
- मंडी समिति रोड की तरफ से अंबाला रोड की तरफ बड़े वाहनों के आगमन पर रोक रहेगी।