सदर तहसील में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर बैठक लेते डीएम अखिलेश सिंह
सहारनपुर। आगामी 16 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विभाग के साथ ही प्रशासनिक स्तर से तैयारी तेज कर दी गई है। परीक्षाओं के नकलविहीन एवं सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने शुक्रवार को सदर तहसील के सभाकक्ष में केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि परीक्षा में नकल के मामलों को माफ नहीं किया जाएगा। किसी भी स्तर पर नकल का प्रयास हुआ तो संबंधित पर कड़ी कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने प्रश्न पत्रों की गोपनीयता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य व्यवस्थापक पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद ही प्रश्न पत्रों की सील खोलें और पूरी सजगता के साथ परीक्षा कराएं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश मिश्र ने भी परीक्षा को नकलविहीन कराने पर बल दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक योगराज सिंह ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव की ओर से जारी दिशा निर्देशों से अवगत कराया।
उन्होंने अलमारी की चाबियों के लिए भी जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यवस्था की भी जानकारी दी। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित तरीके से केंद्र पर भेजने की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। केंद्रों पर पेयजल के साथ ही शौचालय की व्यवस्था भी बेहतर करने को कहा। बिजली के साथ ही जनरेटर और इनवर्टर की सुविधा भी रखने के निर्देश दिए।