गंगोह के गांव पीरमाजरा में हुए पथराव में घायल युवक
गंगोह(सहारनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के गांव पीरमाजरा में भाजपा के कार्यक्रम चलो गांव की ओर में शामिल होकर लौट रहे भाजपा नेता के काफिले पर साइड लगने को लेकर हुए विवाद के बाद पथराव हो गया। दोनों तरफ से लाठी डंडे चले। इसमें बीच-बचाव करा रहे भाजपा नेता मनीष चौहान सहित दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए, जबकि दो वाहनों के शीशे टूट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर आपस में लड़ रहे ग्रामीणों को दौड़ाते हुए घायलों को उपचार के गंगोह सीएचसी भर्ती कराया। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पीरमाजरा में शुक्रवार को ग्राम प्रधान खालिद चौधरी के यहां भाजपा का कार्यक्रम था। इसमें एमएलसी वीरेंद्र चौधरी के पुत्र शामली के पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनीष चौहान शामिल हुए थे। दोपहर बाद वह लौट रहे थे तो एक गाड़ी से रास्ते में रखा स्टूल टूट गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी डंडे चलने लगे और थोड़ी देर में पथराव शुरू हो गया। इसमेंं बीच बचाव कराते वक्त मनीष चौहान भी घायल हो गए। उनके अलावा एक पक्ष के रानी (40) पत्नी आलीशान, अभी (41) पुत्र केशु निवासी पीरमाजरा एवं दूसरे पक्ष के गांव सांगाखेड़ा निवासी जुबेर (19) पुत्र हाकम अली, तंजीम (24) पुत्री इकराम घायल हो गए। दो गाड़ियों के शीशे भी पथराव में टूट गए। पथराव के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाठियां फटकार कर पथराव करने वालों दौड़ाया। घायलों में मनीष चौहान को छोड़कर बाकी सभी को गंगोह सीएचसी में भर्ती कराया गया।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि दो पक्षों में पथराव हुआ है। इसमें कोई गंभीर घायल नहीं है। मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन कर दिया गया है।