सहारनपुर। पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल और उसके भाई पूर्व एमएलसी महमूद अली व उसके पुत्रों के खिलाफ दर्ज डकैती, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मिर्जापुर पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने दूसरे दिन भी ग्लोकल विश्वविद्यालय से डकैती का सामान बरामद किया है।
एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि मिर्जापुर पुलिस ने ग्लोकल विश्वविद्यालय से सेनेटरी का सामान बरामद किया है। इसके अलावा ठेकेदार द्वारा दी गई सामान की सूची के आधार पर पुलिस सामान बरामद कर रही है। वहीं, ग्लोकल विश्वविद्यालय प्रबंधन सामान अपना होने का दावा जता रहा है, जिसकी जांच भी पुलिस कर रही है।
यह था मामला
हरियाणा के जगाधरी निवासी ठेकेदार बलराज सेठी ने दस जनवरी को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बलराज ने बताया था कि ग्लोकल यूनिवर्सिटी में उसने काम किया था, जिसका पैसा नहीं दिया गया है। पैसों का तकादा करने पर उसे धमकी दी गई। आरोपियों ने उसे बंधक बनाया और जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही उसका माल भी हड़प लिया एवं मारपीट की। पीड़ित ने पूर्व एमएलसी व खनन माफिया हाजी इकबाल, उसके भाई पूर्व एमएलसी महमूद अली, इकबाल के पुत्र वाजिद, जावेद, अलीशान, अफजाल सहित एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।