मानक माऊ में फर्नीचर की दुकान में जांच करते जीएसटी अधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। अपंजीकृत प्रतिष्ठानों के विरुद्ध राज्यकर विभाग के छापों की कार्रवाई मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। राज्यकर विभाग की नौ टीमों ने सहारनपुर और शामली जनपद के 33 कारोबारियों के यहां छापे मारे। इनसे करीब 20 लाख रुपये का कर अपवंचन पकड़ा है।
राज्यकर विभाग के अपर आयुक्त श्रेणी-1 सत्यपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार को राज्यकर विभाग की टीमों ने सहारनपुर और शामली के 33 अपंजीकृत प्रतिष्ठानों पर छापे मारे। सहारनपुर जनपद में शहर के अलावा नकुड़, देवबंद आदि स्थानों पर 14 प्रतिष्ठानों पर छापे की कार्रवाई की गई। इनमें ढाबे, होटल, बेकरी, स्क्रैप कारोबारी, फर्नीचर व्यवसायी आदि शामिल हैं। शामली जनपद में 19 प्रतिष्ठानों पर छापे मारे गए। इनमें प्रोविजन स्टोर, कॉस्मेटिक की दुकानों, मिठाई की दुकान, रेस्टोरेंट, मोबाइल विक्रेताओं और कपड़ा व्यापारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि छापे के दौरान सहारनपुर जनपद में चार व्यापारियों ने और शामली जनपद के छह व्यापारियों ने पंजीकरण के लिए अपने प्रपत्र जमा करा दिए हैं। कार्रवाई से दोनों जनपदों से करीब 20 लाख रुपये का कर अपवंचन पकड़ा है। उन्होंने बताया कि छापे की यह कार्रवाई छोटे एवं अपंजीकृत व्यापारियों के यहां की गई है। उन्होंने कहा कि सभी पंजीकरण योग्य व्यापारी राज्यकर विभाग में अपना पंजीकरण अवश्य करा लें। राज्यकर विभाग की अपंजीकृत व्यापारियों के यहां छापे की कार्रवाई जारी रहेगी। बता दें कि सोमवार को भी सहारनपुर और शामली जनपद के 27 अपंजीकृत प्रतिष्ठानों पर राज्यकर विभाग ने छापे मारे थे।
इस दौरान अपर आयुक्त श्रेणी -2 एमएस चौबे, संयुक्त आयुक्त रणकेंद्र एवं धर्मवीर सिंह, उप आयुक्त विवेक उपाध्याय, अवधेश चतुवर्वेदी, धर्मेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त अनीता, अंकिता पिलानिया और डॉ. विदिता शुक्ला आदि मौजूद रहे।