चिलकाना। परिषदीय, राजकीय, मान्यता प्राप्त, अनुदानित तथा वित्तविहीन स्कूलों में कक्षा तीन, छह और नौ में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं तथा उनके शिक्षकों का हिंदी और गणित विषयों का स्टेट एजुकेशन एचीवमेंट टेस्ट सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
उप शिक्षा निदेशक तथा डायट प्राचार्य एसएम सिद्दीकी ने बताया कि एनसीईआरटी द्वारा छात्रों का अचीवमेंट टेस्ट हिंदी तथा गणित विषय की दक्षता जानने के लिए किया गया था। इसमें छात्रों तथा शिक्षकों से सामान्य तथा बौद्धिक जानकारी प्राप्त की गई। जनपद के 943 स्कूलों में अचीवमेंट टेस्ट हुआ। प्रत्येक स्कूल से 30-30 छात्र इस टेस्ट में शामिल हुए। सभी स्कूलों में एचीवमेंट टेस्ट समय से प्रारंभ हुआ तथा समय से समाप्त हुआ। टेस्ट में बच्चों तथा शिक्षकों से ओएमआर शीट पर जानकारी ली गई। सभी ओएमआर शीट बीआरसी पर जमा हो चुकी है। जल्द ही उनकी स्क्रीनिंग कर रिजल्ट बनाकर एनसीईआरटी को भेज दिया जाएगा। टेस्ट में सुचिता बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर दो कोऑर्डिनेटर तथा चार सह कोऑर्डिनेटर बनाए गए थे, जिन्होंने स्कूलों में पहुंचकर टेस्ट की जानकारी ली।
शासन के निर्देश पर क्षेत्रीय शिक्षा सचिव मेरठ मुनेंद्र कुमार विशेष रूप से टेस्ट की जांच के लिए जनपद में आए हुए थे। उन्होंने नगर सहारनपुर तथा बलिया खेड़ी के कुछ स्कूलों में जांच की। इसके अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक योगराज सिंह, डायट प्राचार्य एसएम सिद्दीकी ने साढ़ौली कदीम तथा मुजफ्फराबाद ब्लॉक में परीक्षा का निरीक्षण किया। सह समन्वयक डॉ. अजय कुमार प्रवक्ता डायट, रेखा सुमन वरिष्ठ प्रवक्ता डायट, मयंक मिश्रा जिला समन्वयक, डॉ. देवेंद्र कुमार प्रधानाचार्य, पंकज यादव कंट्रोल प्रभारी ने भी अलग-अलग ब्लॉकों में जाकर परीक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की। पूरे जनपद में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई।