सहारनपुर। डाॅ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में ज्यादातर खेल परियोजनाएं तैयार हो चुकी हैं, जिनके अब लोकार्पण होने का इंतजार है। उम्मीद है कि इसी महीने परियोजनाओं को खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया जाएगा। जिसके बाद खिलाड़ी सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा में निखार ला सकेंगे।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत स्टेडियम में 20 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम हुआ है। ज्यादातर पुरानी सुविधाओं को और बेहतर किया गया है, जबकि कुछ नई सुविधाएं दी गई हैं। स्वीमिंग पूल जो ओपन था उसे इंडोर बनाया गया है। पूरे परिसर में कच्चे फर्श की जगह टाइल्स ने ले ली है। चेंजिंग रूम और शौचालयों को आधुनिक बनाया गया है, जिनमें सेंसर वाले नल और यूरिनल लगाए गए हैं। शौचालयों में दीवारों पर सुंदर टाइल और छत पर फॉल सीलिंग की गई है। जूडो हॉल का भी नवीनीकरण और जीर्णोद्धार किया गया है। इसमें लकड़ी का पूरा फर्श नया बिछाया गया है। चेंजिंग रूम, शौचालय और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया है।
बहुउद्देशीय हॉल पूरी तरह नया बनाया गया है। स्मार्ट जिम भी तैयार है, जिसमें पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग अलग व्यवस्था रहेगी। पवेलियन का भी नवीनीकरण और जीर्णोद्धार किया गया है। पवेलियन के नीचे जर्जर पड़े कमरों को सुंदर बनाने के साथ ही शौचालय की व्यवस्था बेहतर की गई है। टेराफ्लैक्स की छत इसकी खूबसूरती को बढ़ा रही है। बैडमिंटन हॉल, योगा मंच और वेट ट्रेनिंग सेंटर का कार्य पहले ही पूर्ण हो चुका है।
इन परियोजनाओं पर चल रहा काम
वर्तमान में बॉक्सिंग हॉल का कार्य अंतिम दौर में है यह वातानुकूलित होगा। क्षेत्रीय खेल कार्यालय और बैडमिंटन हॉल की छत का नवीनीकरण और जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। इसके अलावा सूर्य नमस्कार से जुड़े स्टैच्यू लगने बाकी हैं। यह सभी कार्य अगले एक महीने में पूर्ण होने की उम्मीद है।
स्टेडियम की ज्यादातर परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जिनका जल्द ही लोकार्पण होगा। कई परियोजनाएं ऐसी हैं, जिनके संचालन के लिए ट्रेनर की तलाश है। ट्रेनर मिलने के बाद परियोजनाओं को चालू कर दिया जाएगा।
- अमरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता, स्मार्ट सिटी सहारनपुर