- मतदान के बाद प्रत्याशियों ने भारी मतों से जीत के किए दावे
- पूरे समर्थकों से घिरे रहे प्रत्याशी, विजय को लेकर आश्वस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नगर निगम चुनाव का मतदान होने के बाद चुनावी थकान महापौर पद के प्रत्याशियों ने उतारी। इसके साथ ही परिवार के संग समय बिताया और समर्थकों के साथ हार-जीत के समीकरण भी लगाए। सभी प्रत्याशियों ने दावे किए वह भारी मतों से चुनाव जीत रहे हैं।
देर से सोकर उठे डॉ अजय कुमार, अस्पताल भी गए
दिल्ली रोड निवासी भाजपा के महापौर प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह मतदान के बाद बृहस्पतिवार को देर रात तक जगे। गिरे मतों की जानकारी लेते रहे। शुक्रवार रोजाना की अपेक्षा देर से सोकर उठे और उन्होंने चुनावी थकान उतारी। सोकर उठने के बाद सबसे पहले मां संतोष के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद नहाने के बाद पूजा अर्चना कर परिवार संग समय बिताया और नाश्ता किया। इसके बाद कुछ देर के लिए अपने अस्पताल भी गए। तत्पश्चात दिनभर कार्यकर्ताओं, समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ मतदान को लेकर चर्चा कर वोट प्रतिशत के हिसाब से समीकरण भी देखे। डा. अजय कुमार सिंह ने बताया कि वह काफी अंतर से चुनाव जीत रहे हैं। जनता ने उन्हें दिल खोलकर वोट दिया है।
सामान्य रही दिनचर्या, अत्याचार के बाद भी 25 हजार से जीतेंगे चुनाव: इमरान मसूद
बसपा की महापौर प्रत्याशी खतीजा मसूद ने अंबाला रोड स्थित आवास पर परिवार संग समय बिताया। उनकी दिनचर्या रोजाना की तरह रही। इसके साथ ही उनके घर पर बधाई देने भी समर्थक पहुंचे। पूर्व विधायक और बसपा नेता इमरान मसूद ने कहा कि चुनाव में काफी भाग दौड़ रही। उनकी मेहनत रंग लाएगी और वह पुलिस-प्रशासन के अत्याचार के बाद भी 25 हजार के अंतर से चुनाव जीत रहे हैं। लोगों को वोट डालने से रोका गया था। इसके बाद भी उनकी जीत सुनिश्चित है।
परिणाम चौकाने वाले होंगे: आशु मलिक
बेहट रोड स्थित आवास पर सपा प्रत्याशी नूर हसन मलिक ने थकान उतारी और आराम किया। उनके भाई सहारनपुर देहात से विधायक आशू मलिक सुबह से ही समर्थकों से घिरे रहे। आशू मलिक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों के साथ पूरे दिन व्यस्त रहे। नगर निगम क्षेत्र में हुए मतदान प्रतिशत और इलाकाें के हिसाब से उन्हाेंने जीत के समीकरण लगाए। आशू मलिक ने कहा कि जनता ने उन्हें बहुत वोट दिया है। इसके लिए जनता का आभार प्रकट करते हैं। परिणाम चौकाने वाले होंगे।
परिवार संग बिताया समय, कार्यक्रमों भी हुए शामिल
गिल कॉलोनी निवासी कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप वर्मा ने सुबह परिवार संग समय बिताया और नाश्ता किया। इसके बाद उनके यहां कार्यकर्ताओं व समर्थकों की भीड़ लगी रही। उन्होंने मतदान प्रतिशत के हिसाब से जीत के समीकरण लगाए। इसको लेकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। इसके अलावा प्रदीप वर्मा बुद्ध पूर्णिमा के कार्यक्रमों भी शामिल हुए। प्रदीप वर्मा ने कहा कि जो वोट के रूप में समर्थन जनता ने उन्हें दिया है, उससे वह चुनाव जीतेंगे।
सहारनपुर में चुनाव के बाद गिल काॅलोनी में खुशी के पल पर परिवार के साथ मेयर कांग्रेस प्रत्याशी प
सहारनपुर में चुनाव के बाद गिल काॅलोनी में खुशी के पल पर परिवार के साथ मेयर कांग्रेस प्रत्याशी प