सहारनपुर। कोहरे के कारण ट्रेनें गति नहीं पकड़ पा रही हैं। शुक्रवार को शहीद, जनसेवा एक्सप्रेस रद्द रही, जबकि अमरनाथ एक्सप्रेस सहित 10 से अधिक ट्रेनें सहारनपुर में लेट पहुंची। ट्रेनों के निरस्त होने और लेटलतीफी के चलते यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, रेलवे को भी प्रतिदिन लाखों रुपये का नुकसान हो रहा।
शुक्रवार को ट्रेन नंबर 14617-18 बनमनखी-अमृतसर-बनमनखी जनसेवा एक्सप्रेस, 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस का संचालन नहीं हुआ। 15653 गुवाहाटी-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस सात घंटे, 12332 जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरी एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, लक्ष्मीबाई नगर-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से सहारनपुर में आई। इनके साथ ही कोलकाता-नंगलडैम गुरुमुखी एक्सप्रेस दो घंटे, सहरसा-अंबाला कैंट जनसाधारण एक्सप्रेस पांच घंटे, कानपुर सेंट्रल-जम्मूतवी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, मुंबई सेंट्रल-अमृतसर गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, अमृतसर-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस ढाई घंटे लेट पहुंची। लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस, दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस, दिल्ली-सहारनपुर मेमू एक्सप्रेस, दिल्ली-सहारनपुर स्पेशल एक्सप्रेस, कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय पर नहीं आई।