सहारनपुर। सरकारी अस्पताल एवं चिकित्सा संस्थानों में कोविड-19 की रोकथाम एवं चिकित्सा में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के तहत 50 लाख रुपये की विशेष बीमा से आच्छादित किया है। बुधवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 मरीज की चिकित्सा के दौरान किसी भी स्वास्थ्य कर्मी की मृत्यु होने पर एवं कोविड-19 से संबंधित अन्य कार्य के दौरान दुर्घटना से मृत्यु की स्थिति में इस बीमा कवर का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस बीमा योजना से कोविड-19 के उपचार में कार्यरत नियमित, संविदा, दैनिक वेतन भोगी, सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी, एजेंसी के माध्यम से लगे हुए निजी व्यक्ति, डब्लूएचओ, यूनिसेफ, यूपीटीएसयू आदि के पदाधिकारी, सलाहकार, क्षेत्रीय कर्मी एवं कोविड-19 के संभावित मरीजों के कार्य में लगे एंबुलेंस चालक और ईएमटीएस भी आच्छादित होंगे।