सहारनपुर। मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल यादव और खतौली विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया की जीत होने पर सपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को नकार दिया है।
बृहस्पतिवार को दिल्ली रोड स्थित सपा के गंगोह विधानसभा प्रभारी चौधरी इंद्रसेन के आवास पर आयोजित बैठक में सपा कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। युवा सपा नेता परीक्षित चौधरी ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में डिंपल यादव की रिकार्ड मतों से हुई जीत से साबित हो गया है कि प्रदेश की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त आ गई है। उन्होंने कहा कि गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया ने खतौली उप चुनाव में जीत हासिल कर स्पष्ट कर दिया कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। चौधरी अब्दुल गफूर आदि ने भी विचार रखे। इस दौरान प्रवीण बांदूखेड़ी, ललित सढ़ोली, ललित खेड़की, मोनू, अंकित खटाना, नीतीश, सत्यम, संयम, अंश झबीरन, सिद्धांत, सिद्धार्थ पंडित आदि मौजूद रहे।