सहारनपुर। आज परीक्षा की घड़ी है। बीमारों और तीमारदारों के लिए। आईएमए से जुड़े निजी डॉक्टरों ने शनिवार से 24 घंटे के हड़ताल का एलान कर दिया है। ओपीडी बंद रहेंगे। केवल इमरजेंसी सेवाएं ही चलेंगी। ओपीडी मरीज सरकारी अस्पतालों के भरोसे रहेंगे।
शुक्रवार को हकीकत नगर स्थित आईएमए भवन में निजी डॉक्टरों की हड़ताल की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान पत्रकार वार्ता में एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. कलीम अहमद ने कहा कि नौ अगस्त की रात कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर के साथ दरिंदगी की गई। यह घटना बेहद ही झकझोर कर रही है। शनिवार सुबह छह बजे से लेकर रविवार सुबह छह बजे तक निजी डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। इस अवधि में ओपीडी नहीं चलेंगी। निजी क्लीनिक व अस्पतालों में केवल आपातकालीन सेवाएं चालू रहेंगी। सभी डॉक्टर आईएमए भवन में 12 बजे एकत्रित होंगे। यहां से पैदल मार्च करते हुए कलक्ट्रेट में डीएम को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौपेंगे। इस मौके पर डॉ. प्रवीण शर्मा, डॉ. नरेश नौसरान, डॉ. मोहन सिंह, डॉ. महेश चंद्रा, डॉ. अंकुर उपाध्याय, डॉ. रिक्की चौधरी, डॉ. उदयराज, डॉ. विवेक बैनर्जी आदि रहे।
सरकारी डॉक्टरों ने काली पट्टी बांधकर देखे मरीज
कोलकाता की घटना को लेकर सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों में भी उबाल है। शुक्रवार को एसबीडी जिला अस्पताल से लेकर नानौता, नागल सीएचसी पर डॉक्टरों ने काली पट्टी बांधकर मरीजों को देखा। बाद में प्रदर्शन भी किया। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर घटना की निंदा करते हुए न्याय की मांग की है। इस मौके पर डॉ. आंचल ढाका, डॉ. दिव्या सैनी, डॉ. अनिल पंवार, नागल सीएचसी प्रभारी डॉ. नितिन कुमार आदि रहे।