सहारनपुर। मुन्नालाल एंड जयनारायण खेमका गर्ल्स पीजी कॉलेज को आगामी सत्र से भूगोल और इतिहास विषय की मान्यता मिलने जा रही है। जिसके बाद भूगोल और इतिहास विषय में पढ़ाई करने की इच्छुक छात्राओं को उक्त विषयों की पढ़ाई के लिए कहीं और नहीं जाना पड़ेगा।
केवल छात्राओं का महाविद्यालय होने के कारण मुन्नालाल कॉलेज छात्राओं की पहली पसंद रहा है, लेकिन कुछ विषयों की पढ़ाई की सुविधा नहीं होने के कारण मुन्नालाल में पढ़ने की इच्छुक छात्राओं को मजबूरन ऐसे महाविद्यालयों का रुख करना पड़ता है, जहां सह शिक्षा है और वहां छात्राएं जाने से बचती हैं। मुन्नालाल कॉलेज की बात करें तो यहां अभी तक 13 विषयों में स्नातक तथा नौ विषयों में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की सुविधा है, लेकिन संभवत: आगामी सत्र से महाविद्यालय को भूगोल और इतिहास विषय की मान्यता मिलने जा रही है, जिसके बाद उक्त विषयों में पढ़ाई की इच्छुक छात्राएं भी मुन्नालाल कॉलेज में पढ़ाई के लिए आवेदन कर सकेंगी। अभी तक महानगर में केवल जेवी जैन कॉलेज में भूगोल विषय है।
हमारे महाविद्यालय में विभिन्न विषयों में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन हम लंबे समय से भूगोल और इतिहास के लिए प्रयास कर रहे थे। हमें उम्मीद है कि नए सत्र में हमारे यहां उक्त दोनों विषयों में पढ़ाई शुरू हो जाएगी, क्योंकि मान्यता की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। - प्रो. पंकज छाबड़ा, प्राचार्य।