नानौता(सहारनपुर)। गांव गुडंब में संपत्ति को लेकर हुई कहासुनी के दौरान बेटे ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर पिता की जान ले ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के दूसरे बेटे हत्या के आरोपी भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नानौता थाना क्षेत्र के गांव गुडंब निवासी रूपचंद (65) का अपने बड़े बेटे हुक्म सिंह उर्फ बिट्टू के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। रुपचंद ने 13 बीघा जमीन की वसीयत अपने दूसरे बेटे प्रवीण कुमार के नाम कर दी थी। इससे हुक्म सिंह क्षुब्ध था। रविवार रात सवा दस बजे रुपचंद घर पर लेटा हुआ था। इसी दौरान हुक्म सिंह वहां पहुंचा और उसकी पिता के साथ संपत्ति बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई।
इस हद तक कहासुनी हो गई कि हुक्म सिंह ने लाठी-डंडों से पिता पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर अन्य परिजन भी एकत्र हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। प्रवीण कुमार ने आरोपी भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी अमित कुमार नागर ने बताया कि आरोपी हुक्म सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पिता और पुत्र के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था।