सहारनपुर। एसएसपी ने एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस टीम को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इन टीमों में शामिल 15 कर्मचारियों को पुलिस लाइन भेजा गया है। एसएसपी का कहना है कि जल्द फिर से नई टीमों का गठन किया जाएगा।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए बृहस्पतिवार को आठ थानों के प्रभारी बदले थे। साथ ही चार पुलिस चौकियों के इंचार्ज के भी कार्य क्षेत्रों में फेरबदल किया। देर रात को एसएसपी ने कई साल से गठित एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस टीम को भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया। इन टीमों में शामिल 15 कर्मचारियों को पुलिस लाइन भेज दिया। एसएसपी ने बताया कि विभागीय प्रक्रिया के तहत इन टीमों को फिलहाल भंग किया गया है। इन टीमों में शामिल होने के लिए इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और कांस्टेबलों के प्रार्थना पत्र मांगे जाएंगे। स्वेच्छा से इन टीमों में शामिल होने वाले कर्मचारी अपने प्रार्थना पत्र देंगे। प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों पर कर्मचारियों की योग्यता के अनुसार उनका चयन किया जाएगा। योग्य कर्मचारियों का चयन करने के बाद जल्द ही पुन: इन टीमों का गठन किया जाएगा।