सहारनपुर। यातायात की व्यवस्था सुधारने का जिम्मा पुलिस का होता है, लेकिन जहां पुलिस की आंखों के सामने ही नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हो तो भी यातायात की व्यवस्था भगवान भरोसे ही कही जा सकती है। यहां बात कर रहे हैं सर्किट हाउस रोड की। जहां से हर दिन वीवीआईपी और वीआईपी भी गुजरते हैं। जिसमें आने और जाने के लिए दो सड़क बनी हुई है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि एक ही रोड से वाहन दोनों दिशा में दौड़ रहे हैं, जो कई बार हादसे का कारण भी बन चुके हैं।
दरअसल, सर्किट हाउस रोड एक ऐसा रोड है जो दिल्ली रोड और गंगोह रोड को आपस में जोड़ता है। जिसकी दूरी करीब तीन किमी है। एक तरफ तारकोल का रोड बना हुआ है, जबकि दूसरी तरफ सीमेंट वाला रोड है। नियमानुसार, गंगोह रोड स्थित मानकमऊ चौकी की तरफ से आने वाले वाहनों को तारकोल वाले रोड से आना चाहिए और हसनपुर चुंगी से गंगोह रोड की तरफ से जाने वाले वाहनों को सीमेंट वाले रोड से जाना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं है। इक्का-दुक्का वाहनों को छोड़ दें तो सभी वाहन तारकोल वाले रोड से ही जाते हैं। जो नियमों के विरुद्ध है। रोड की चौड़ाई कम होने की वजह से कई बार हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन किसी का कोई ध्यान नहीं है। यह स्थिति तब है जब सर्किट हाउस होने की वजह से इस रोड पर अक्सर वीवीआईपी और वीआईपी का आवागमन रहता है, जिसे वीआईपी रोड भी कहा जा सकता है।
अवैध कब्जे से कम हो गई रोड की चौड़ाई
हसनपुर चुंगी की तरफ से जाने वाली सीमेंट की रोड पर वाहनों का आवागमन कम होने के कारण लोगों ने अवैध कब्जे कर लिए हैं। जब तक अवैध कब्जे और रोड की चौड़ाई नहीं होगी तब तक बस और ट्रक केवल पूर्व विधायक की कोठी तक ही इस रोड पर जा सकते हैं। इससे आगे रोड की चौड़ाई कम है, लेकिन दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए कोई परेशानी नहीं है। वह सीमेंट वाले रोड से आसानी से जा सकते हैं, लेकिन वह भी गलत दिशा में ही दौड़ रहे हैं।
वर्जन
सर्किट हाउस रोड पर गलत दिशा में वाहन निकल रहे हैं इसकी जानकारी नहीं है। इस संबंधित यातायात निरीक्षक को निर्देश दिए जाएंगे। गलत दिशा से वाहन नहीं चलने दिए जाएंगे। उनका चालान किया जाएगा।
- सिद्धार्थ वर्मा, एसपी ट्रैफिक