कोर्ट रोड की स्मार्ट रोड पर उखड़ी टेल
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में स्मार्ट सिटी योजना के तहत महानगर में स्मार्ट रोड बनाने का कार्य बीते एक साल से अधिक समय से चल रहा है। कार्य की धीमी गति और गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई हैं। अब स्मार्ट रोड के निर्माण में तेजी के निर्देश के बाद कार्यदायी संस्था तेजी से कार्य करा रही है। लेकिन अब इस दबाव और जल्दबाजी का असर गुणवत्ता पर पड़ रहा है।
महानगर में 23 किलोमीटर की स्मार्ट रोड बनाई जानी हैं। घंटाघर से कोर्ट रोड पुल और घंटाघर से रेलवे स्टेशन तक की दो सड़कों पर एक जून 2021 को काम शुरू हुआ था। दोनों सड़कों की लंबाई मिलाकर करीब एक किलोमीटर है, लेकिन अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण एक साल में 50 फीसदी कार्य भी पूरा नहीं हो सका है। बीते करीब एक माह से स्मार्ट सिटी के अधिकारी कार्यों में गति लाने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देशित कर रहे हैं।
कोर्ट रोड की स्मार्ट रोड पर टेल बिछाता कर्मी- फोटो : SAHARANPUR
बीते दिनों हुई स्मार्ट सिटी की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में स्मार्ट रोड बनाने के कार्य की धीमी गति पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगी थी। जल्द ही काम पूरा नहीं होने और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संस्था का भुगतान रोकने और एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी गई। उसके बाद करीब एक माह से कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन इस तेजी में गुणवत्ता गड़बड़ा रही है। रीडर्स पैराडाइज के सामने फुटपाथ पर बिछाई गई टाइल्स कहीं ऊंची और कहीं नीची है। क्योंकि यहां रोलर नहीं चलाया गया। यही वजह है कि टाइल्स बिछाने के बाद पानी गिरने या बारिश होने पर कुछ जगह से टाइल धंस गई है। करीब छह माह पहले टाइल ऊंची नीची मिलने पर ही चेयरमैन/मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका भुगतान रोकने की चेतावनी दी थी।
फुटपाथ पर पार्क हो रहे वाहन
स्मार्ट रोड के कुछ व्यापारी और बाजार में आने वाले ग्राहक फुटपाथ के ऊपर अपने दुपहिया और चौपहिया वाहन पार्क कर रहे हैं, जिसकी वजह से भी टाइल्स जगह जगह से धंस गई हैं। अभी तक फुटपाथ पर वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ सख्ती नहीं की गई है। दुकानदारों का कहना है कि क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा नहीं होने की वजह से ऐसा हो रहा है।
स्मार्ट रोड के फुटपाथ पर टाइल्स बिछाने में यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती जा रही है या गुणवत्ता की कमी है तो संबंधित एजेंसी के अधिकारियों ने जवाब लिया जाएगा। क्योंकि हमने कार्य में गति के साथ साथ गुणवत्ता बनाए रखने को कहा है। गुणवत्ता के मामले में कोई रियायत नहीं मिलेगी। फुटपाथ पर वाहन पार्क करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
गजल भारद्वाज, सीईओ, स्मार्ट सिटी सहारनपुर/ नगरायुक्त।