सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्मार्ट जिम तैयार किया जा रहा है। जिस पर बिल्डिंग और मशीनों सहित कुल सात करोड़ रुपये का खर्च आएगा। जिम की बिल्डिंग तैयार हो चुकी है, जिसमें इस समय फिनिशिंग का कार्य चल रहा है और मशीनें आने का इंतजार है। मार्च 2024 से पहले जिम को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जूडो, एथलेटिक्स, क्रिकेट, तैराकी, बैडमिंटन, टेबिल टेनिस, बास्केटबॉल, हॉकी, भारोत्तोलन आदि खेलों के प्रशिक्षण की सुविधा पहले से है, लेकिन स्मार्ट सिटी योजना में कई सुविधाओं को आधुनिक किया गया है, जबकि कई नए काम हो रहे हैं, जिनमें स्मार्ट जिम भी एक है। यह स्मार्ट जिम बैडमिंटन हॉल की बगल में तैयार किया गया है, जिसकी डबल स्टोरी बिल्डिंग तैयार की जा चुकी है।
अंदर फॉल सीलिंग, रंगाई-पुताई और फर्श का कार्य पूर्ण हो चुका है। बाहर की ओर फ्रेम के जरिये ग्लास लगाए गए हैं, जिससे इसकी सुंदरता बढ़ गई है। इन दिनों फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। निर्माण एजेंसी का दावा है कि फिनिशिंग का कार्य एक महीने में पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद इसमें मशीनें लगना बाकी रहेगा।
- करीब पांच करोड़ की होंगी मशीनें
स्मार्ट जिम की परियोजना सात करोड़ रुपये की है। जिम की बिल्डिंग तैयार करने में करीब दो करोड़ रुपया खर्च होना बताया गया है। शेष रकम यानी करीब पांच करोड़ रुपये से मशीनें खरीदी और इंस्टॉल की जाएंगी।
- महिला और पुरुष दोनों के लिए
जिम डबल स्टोरी है। इसमें ग्राउंड फ्लोर पर पुरुषों के लिए जिम की व्यवस्था रहेगी। जबकि प्रथम तल पर महिलाओं के लिए सुविधा रहेगी। पूरा जिम सीसीटीवी की निगरानी में होगा, जिससे प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
- स्मार्ट सिटी योजना के तहत डॉ. आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्मार्ट जिम तैयार किया जा रहा है। बिल्डिंग बनकर लगभग तैयार हो चुकी है, अब मशीनें आना और इंस्टॉल होना बाकी है। प्रयास यही है कि जिम को जल्द से जल्द तैयार कर जनता को समर्पित किया जा सके। - गजल भारद्वाज, सीईओ स्मार्ट सिटी/नगरायुक्त।