सहारनपुर/सरसावा। पिलखनी स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में होने वाले दो दिवसीय कार्यक्रम को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। डेरे के छह हजार सेवादार यातायात व्यवस्था को संभालेंगे। 14 मार्च को बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों महाराज डेरे में आएंगे।
पिलखनी में 15 व 16 मार्च को राधा स्वामी सत्संग ब्यास में सत्संग होगा। इसको लेकर सत्संग भवन में डेरे की संगत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों महाराज के डेरे में पहुंचने से पहले ब्यास से सिक्योरिटी यहां आकर सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगी। उसके बाद सत्संग भवन को चारों तरफ से सील कर दिया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरों से डेरे की निगरानी की जाएगी। किसी भी संगत या अनुयायी को बिना चेकिंग के अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। मोबाइल, कैमरा या फिर अन्य किसी का उपकरण अंदर ले जाने का अनुमति नहीं होगी। खास बात यह है कि मार्ग पर जाम न लगे, इसलिए डेरे के छह हजार सेवादार यातायात व्यवस्था को संभालेंगे, जो यमुनानगर, सहारनपुर, छुटमलपुर, देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, विकास नगर, पोंटा साहिब में तैनात रहेंगे। सभी सेवादार यूनिफार्म में होंगे। यातायात व्यवस्था को बनाने में पुलिस की मदद करेंगे।