लंपी से छह और गोवंश की मौत
सहारनपुर। जिले में लंपी से ग्रसित पशुओं का आंकड़ा 1900 के पार पहुंच गया है। छह और गोवंश की लंपी बीमारी से मौत हुई है। अब तक 15 गोवंश की मौत हो चुकी है। इससे पशु पालकों में दहशत है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी राजीव सक्सेना ने बताया कि जिले में बीते 10 दिनों में 15 गोवंश की मौत हुई। बीते दो दिनों में छह और गोवंश की मौत हुई है। अब तक मरने वाले गोवंश की संख्या 15 हो गई, जो गोवंश बीमारी की चपेट में उनकी निगरानी की जा रही है। इसके लिए टीमों को लगाया गया गया है।
पशु पालकों में दहशत, तेजी से फैल रहा वायरस
रामपुर मनिहारान। क्षेत्र के गांव घाटहेड़ा निवासी लोकेंद्र, गांव कंजोली निवासी कुलबीर, अरविंद सैनी, नगर के मोहल्ला कायस्तान निवासी आकाश की गाय लंपी वायरस से चपेट में है। गांव गुडम्ब, कल्लरपुर, सिरसली, सोनाअर्जुनपुर, अम्बोली, घाटहेडा, आजमपुर, मुंडीखेड़ी चर्रोह, अमरपुर, रामपुर मनिहारान, तुरमतखेड़ी, चकवाली, पिलखनी गांवों में बड़ी संख्या में पशु लंपी बीमारी की चपेट में हैं। राजकीय पशु चिकित्सालय पॉली क्लीनिक के प्रभारी डॉ. संजय चतुर्वेदी ने बताया कि 16 गांवों में लंपी वायरस से 47 पशु चपेट में हैं। छह टीमों के माध्यम से इनका उपचार कराया जा रहा है।
गांव-गांव में पशु चपेट में
चिलकाना। गांव आल्हनपुर के पूर्व प्रधान चौधरी निर्दोष ने बताया कि गांव में हर घर में गोवंश बीमार हैं। सत्यपाल सिंह, बिश्वंभर सिंह, जसवीर सिंह, अनिल कुमार की गाय की हालत खराब है। नथमलपुर के प्रधान राकेश सैनी ने बताया कि गांव में प्रदीप कुमार, अशोक कुमार, मुस्तकीम, मुरसलीन सहित कई लोगों के पशु बीमार हैं। गांव दौलतपुर के प्रधान विनोद कुमार ने बताया कि उनके गांव में सचिन कुमार, मांगी राम, नीलू, पन्नी, गिरिराज, अजय की गाय बीमार है। गांव सीकरी कला के पूर्व प्रधान रणधीर सिंह ने बताया कि गांव में दर्जनों गोवंश इस बीमारी से पीड़ित हैं। गांव दानतपुर के पूर्व प्रधान गुलशन सैनी ने बताया कि उनकी गाय के अलावा जसपाल सिंह, जसवीर, रोहतास, छोटन की गाय बीमार चल रही है। कुछ गांव गांव में सरकारी डॉक्टरों की टीम पहुंच रही है। अहाड़ी के प्रधान योगेश सैनी ने बताया कि गांव में अनेक गाय लंपी बीमारी से पीड़ित हैं। 15 दिन पहले हिमांशु की एक गाय इसी बीमारी से मर चुकी है। इससे पशु पालकों में दहशत है। इसी तरह बड़गांव, देवबंद, शिमलाना, दल्हेड़ी, मोरा, महेशपुर, सहजी, अंबेहटाचांद, तीतरो, बेरखेड़ी सहित अनेक गांवों में गोवंश लंपी बीमारी की चपेट में है।
अधिकारियों ने ली जानकारी
सोमवार को लखनऊ से पहुंचे पशुपालन विभाग के निदेशक इंद्रमणि, संयुक्त निदेशक डॉ. वीके सिंह, सहारनपुर मंडल के अपर निदेशक डॉ. आनंद सोलंकी ने राजकीय पशु पॉली क्लीनिक रामपुर मनिहारान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लंपी वायरस की चपेट में आए पशुओं के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली। पशुओं को समुचित इलाज और सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।