सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर ग्रीन फील्ड परियोजना से जोड़कर सहारनपुर से हरिद्वार तक छह लेन एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा। जनपद के हलगोया से यह एक्सप्रेस-वे शुरू होगा। करीब 50.7 किलोमीटर का यह एक्सप्रेस-वे हरिद्वार के बहदराबाद तक बनेगा। जनपद में यह 19 किलोमीटर 17 गांवों से होकर गुजरेगा। इस एक्सप्रेस-वे के बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। किसानों की अधिग्रहीत जमीन का मुआवजा दिया जा रहा है। इस एक्सप्रेस-वे के बनने से दिल्ली से हरिद्वार का सफर और आसान और सुलभ हो जाएगा।
भारतमाला परियोजना के तहत दिल्ली से देहरादून तक इकोनॉमिक कॉरिडोर बनाया जा रहा है। जनपद में बड़गांव में इस कॉरिडोर का निर्माण भी शुरू हो गया है। सरकार ने गत वर्ष इसी कॉरिडोर से हरिद्वार तक नया छह लेन एक्सप्रेस-वे बनाने की घोषणा की थी। यह एक्सप्रेस-वे गांव हलगोया से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से शुरू होकर खेड़ा मुगल, पनियाली कासिमपुर, मानकपुर, कलियर शरीफ होकर बहादराबाद तक बनेगा। अब इस एक्सप्रेस-वे के बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इन 17 गांवों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेस-वे
जनपद के गांव हलगोया अहतमाल, हलगोया मुस्तहकम, शीतला खेड़ा, शीतला खेड़ा अहतमाल, पहाड़पुर, गांगनौली, साधारणसिर, बसेड़ा, डंगरौली, नैनसोब, खेड़ा मुगल, बिलासपुर शेखूपुर, शेेऊपुर, ताजपुर, नाफेपुर, पनियाली कासिमपुर, अकबरपुर उर्फ भारापुर से होकर यह एक्सप्रेस-वे गुजरेगा। इन गांवों में 19 किलोमीटर का एक्सप्रेस वे बनेगा।
1285 किसानों की 107.52 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहीत
इस एक्सप्रेस-वे में जनपद के 17 गांव के 1285 किसानों की 107.52 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहीत की गई है। किसानों को 213.59 करोड़ रुपये मुआवजे में दिए जाएंगे। जमीन का एवार्ड होने पर किसानों को भूूमि का मुआवजा देना शुरू हो गया है। प्रशासन की ओर से अभी तक 455 किसानों को 74.91 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है।
1475 करोड़ की परियोजना, अक्तूबर से निर्माण शुरू होगा
सहारनपुर से हरिद्वार तक बनने वाले 1475 करोड़ रुपये की परियोजना में इस एक्सप्रेस वे का निर्माण अक्तूबर में शुरू कराया जाएगा। दो साल में इसे बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस पर दुपहिया वाहनों का संचालन नहीं होगा।
सहारनपुर से हरिद्वार तक बनने वाले एक्सप्रेस-वे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हलगोया अहतमाल को छोड़ कर बाकी 16 गांवों में अधिग्रहीत भूमि का एवार्ड कर किसानों को मुआवजा देना शुरू कर दिया गया है। अभी तक 455 किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है।
- विवेक चतुर्वेदी
सिटी मजिस्ट्रेट/ भूमि अध्याप्ति अधिकारी, सहारनपुर
दिल्ली- देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से सहारनपुर जनपद से बहदराबाद-हरिद्वार तक करीब 50 किलोमीटर यह छह लेन एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा। अक्तूबर से निर्माण कार्य शुरू कराया जाना है। दो साल में इसे बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदीप गोसाई
पीडी, एनएचएआई, रुड़की