सरसावा। शॉर्ट सर्किट से स्पेयर पार्ट की दुकान में आग लगने से सामान जल गया। दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्राम शाहजहांपुर में अपलाना रोड पर असदपुर निवासी कुलदीप सिंह की ट्रैक्टर- बाइक आदि वाहनों के स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। कुलदीप सिंह ने बताया कि कोराना कर्फ्यू लगा होने के कारण काफी दिन से दुकान बंद थी। रविवार शाम पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने फोन कर बताया कि उसकी दुकान से धुआं निकल रहा है। जब गांव से शाहजहांपुर पहुंचकर दुकान खोली तो अंदर से आग की लपटें निकल रही थी। आसपास के लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की टीम के शक्ति सिंह, तुलाराम, सागर, विकास और बृजपाल आदि ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान में रखे स्पेयर पार्ट्स, मोबिल ऑयल और विद्युत उपकरण जलकर खराब हो चुके थे। दुकान स्वामी कुलबीर सिंह का कहना है कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।