बंद पड़ा मां शाकंभरी देवी भवन का मुख्य द्वार
- फोटो : SAHARANPUR
शाकंभरी (सहारनपुर)। आम दिनो में माता के जयकारों से गुंजायमान रहने वाले शाकंभरी सिद्धपीठ क्षेत्र में जनता कर्फ्यू के दौरान पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। कोरोना वायरस को लेकर सिद्धपीठ शाकंभरी देवी मंदिर, भूरादेव मंदिर के कपाट तो पूर्णतया बंद रहे ही साथ ही जनता कर्फ्यू के दौरान सिद्धपीठ क्षेत्र पूरी तरह सुनसान बना रहा। हमेशा सिद्धपीठ में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रहती है। रविवार के दिन तो साप्ताहिक अवकाश के चलते और ज्यादा भीड़ उमड़ती है, लेकिन जनता कर्फ्यू के दौरान श्रद्धालु सिद्धपीठ में नहीं पहुंचे। आगामी 25 मार्च को चैत्र नवरात्र मेला शुरू होना था। परंतु मेला स्थगित हो गया है। इसके चलते मेले के लिए लाए गए झूले और खेल तमाशे वाले सामान भी यहां धूल फांक रहे हैं। मंदिर परिक्षेत्र की सभी दुकानें बंद रही। छिन्न मस्तका मंदिर, शंकराचार्य आश्रम, संकट मोचन हनुमान मंदिर में भी सूनापन ही छाया रहा।