सहरानपुर। बंद सीवर लाइनों तथा टूटे सीवर के ढक्कनों की समस्या को लेकर निवर्तमान पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल जल कल विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील सिंघल और सहायक अभियंता राजेंद्र सिंह से मिला। उन्होंने समस्या के निस्तारण की मांग दोनों अभियंताओं से की।
निवर्तमान पार्षद मंसूर बदर ने अधिशासी अभियंता को बताया कि सीवर लाइन की सफाई और ढक्कन बदलने वाली कंपनी ने करीब 20 कर्मचारियों को हटा दिया है। ऐसी स्थिति में सीवर लाइन बंद होने की स्थिति में लाइन को खोलने के लिए कर्मचारी नहीं पहुंच रहे हैं। सीवर के ढक्कन बदलने के लिए कंपनी के कर्मचारियों को फोन किए जाते हैं, लेकिन वह फोन रिसीव नहीं करते हैं। इससे समस्या आ रही है। वर्तमान में पुरानी मंडी क्षेत्र के वार्ड 7, 43, 57, 62, 66, 68 में सीवर लाइनें बंद हैं। दो लाख लोगों की आबादी परेशान है। उन्होंने समस्या का समाधान कराने की मांग अधिशासी अभियंता से की। मिलने वालों में सईद सिद्दीकी, महमूद, अमजद, हाजी गुलशेर, इमरान सैफी, इमरान अंसारी, बिलाल अंसारी आदि शामिल रहे।