सहारनपुर। ग्रामीण डाक सेवकों की हड़ताल से डाक विभाग की सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं। डाक सेवक ग्रामीण क्षेत्रों में कोई काम नहीं कर रहे हैं। वह अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।
जिले में करीब 167 ग्रामीण डाक सेवक हैं। बुधवार को अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के बैनर तले ग्रामीण डाक सेवकों ने जीपीओ रोड स्थित प्रधान डाकघर के बाहर धरना दिया। मंडलीय सचिव बिजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि ग्रामीण डाक सेवकों से चार घंटे के कार्य को 12 घंटे कराया जाता है। जबकि उन्हें चार घंटे का ही वेतन दिया जा रहा है। मेडिकल एवं अन्य विभागीय सुविधा भी नहीं दी जा रही हैं। उन्हें मजबूर होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करनी पड़ रही हैं। उनका कहना है कि उनके हड़ताल पर रहने से डाक सेवाएं भी प्रभावित होने लगी हैं। इस मौके पर कुशलपाल, नाथीराम, सुरेश सैनी, समीर कुमार, संजय कुमार सैनी, प्रदीप, प्रवीण कुमार, गोविंद कुमार, आशुतोष प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।