सहारनपुर। 19 साल से गैरहाजिर चल रही महिला शिक्षक की सेवा समाप्त कर दी। मामला देवबंद के गांव लबकरी में स्थित प्राथमिक विद्यालय से जुड़ा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि फरहत यासमीन पुत्री सलीम रजा निवासी मोहल्ला छिप्पीवाड़ा देवबंद ने 14 जनवरी को खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में उपस्थित हुई। फरहत ने खंड शिक्षा अधिकारी को बताया कि वह 25 नवंबर 1999 से दो सितंबर 2000 तक प्राथमिक विद्यालय लबकरी में तैनात रही, लेकिन इसके बाद मानसिक बीमारी और व्यक्तिगत कारणों से वह अनुपस्थित रहीं। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी से कार्यभार ग्रहण कराने का अनुरोध किया। खंड शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन मांगा, लेकिन महिला शिक्षक द्वारा 19 साल में एक बार भी स्वयं उपस्थित नहीं होने या कोई सूचना नहीं भेजने से स्पष्ट पता चलता है कि उन्हें अपने पद और नौकरी की कोई आवश्यकता नहीं है। ऐसे में पद के प्रति लापरवाही और उदासीनता बरतने को लेकर फरहत यासमीन की सेवा समाप्त कर दी गई है।