जैन डिग्री कॉलेज में परीक्षा देते छात्र
सहारनपुर। सत्र 2022-23 की सेमेस्टर प्रणाली के (एलएलबी, एलएलएम, बीए एलएलबी, बीकॉम एलएलबी, एमएड, एमपीएड, बीपीएस पाठ्यक्रमों को छोड़कर) स्नातक एवं परास्नातक व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पहले और तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गईं। नकलविहीन परीक्षा के लिए केंद्रों पर कड़े बंदोबस्त किए गए। परीक्षा सीसीटीवी व वायस रिकॉर्डर की निगरानी में हुई।
परीक्षा के लिए मंडल में कुल 71 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सहारनपुर के 43, मुजफ्फरनगर के 20 और शामली के आठ केंद्र शामिल हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक चली। इसमें कुल 14,289 विद्यार्थी पंजीकृत थे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक चली। इस पाली में कुल 9,675 विद्यार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा अवधि में कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य द्वारा जनपद मुजफ्फरनगर के एसडी कॉलेज का औचक निरीक्षण किया गया। सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिली। परीक्षा नियंत्रक अरुण कुमार यादव द्वारा जनपद सहारनपुर के भायला डिग्री कॉलेज का निरीक्षण किया गया।
परीक्षा समन्वयक डॉ. चंद्रशेखर द्वारा जनपद सहारनपुर के गोचर महाविद्यालय रामपुर मनिहारन, हरि कॉलेज बांदूखेड़ी, महाराणा प्रताप मेमोरियल डिग्री कॉलेज, इस्लामिया डिग्री कॉलेज देवबंद, बीआर कॉलेज ऑफ हॉयर एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी देवबंद, देवबंद कॉलेज ऑफ हॉयर एजुकेशन देवबंद, राधा कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी तलहेड़ी बुजुर्ग और आशादीप डिग्री कॉलेज नागल का निरीक्षण किया गया। कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि किसी भी केंद्र से किसी प्रकार की अव्यवस्था या नकल संबंधी जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।