तीतरों। साधन सहकारी समिति खानपुर अफगान के सचिव को सहायक निबंधक सहकारिता विजय प्रकाश वर्मा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए है। उनके खिलाफ यह कार्रवाई समिति सभापति की शिकायत पर हुई जांच के बाद की गई।
समिति सभापति राजेंद्र चौधरी व कोलाखेड़ी गांव निवासी युनूस ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता से शिकायत की थी, कि समिति सचिव प्रवेश कुमार ने सरकारी धान व गेहूं की खरीद में निर्धारित मात्रा से 2,94,760 रुपये अधिक खर्च किए है और वैधानिक प्रक्रिया के बिना ही वेतन का आहरण मनमाने ढंग से किया है। उनका यह भी आरोप था, कि सचिव ने किसानों से ऋणों की वसूली करने के बाद उन्हें पत्रावली व भूमि संबंधी अभिलेखों में दर्ज नहीं कराया। शिकायत के बाद आरोपी सचिव को अपना पक्ष रखने का समय देते हुए दूसरी समिति से अटैच कर दिया था, लेकिन उन्होंने कार्यभार ग्रहण न करके विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष नहीं रखा, जिसके बाद सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त व निबंधक विजय प्रकाश वर्मा ने उन्हें निलंबित कर तीन सदस्यीय समिति का गठन करते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के आदेश दिए हैं। उधर, आरोपी सचिव प्रवेश कुमार का कहना है, कि उन पर लगाये गए तमाम आरोप निराधार हैं। अधिकारियों ने उनका पक्ष सुना ही नहीं।