गांव अहाडी में अवैध कब्जा करने वालों से बात करती एसडीएम सदर।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। एसडीएम सदर ने गांव अहाड़ी में तालाब की जमीन पर ग्रामीणों द्वारा किए गए कब्जों को हटवा दिया।
बुधवार की शाम करीब पांच बजे एसडीम सदर किंशुक श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ गांव अहाड़ी पहुंची। गांव में करीब सात बीघा का एक तालाब है। तालाब की करीब तीन बीघा जमीन पर गांव के सात लोगों ने टीन शेड डालकर, पशु बांधकर तथा उपले लगाकर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। एक सप्ताह पहले राजस्व विभाग की टीम ने इस कब्जा की गई जमीन का निरीक्षण कर उसे चिह्नित कर दिया था। बुधवार की शाम एसडीएम सदर मौके पर पहुंची तथा जेसीबी मशीन लगवाकर तालाब पर किए गए कब्जों को हटवा दिया। एसडीएम ने कहा कि तालाबों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान को निर्देशित किया गया है कि कब्जा मुक्त किए गए तालाब पर सुंदरीकरण का कार्य शीघ्र किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति तालाब पर अवैध रूप से कब्जा न कर सके। इस दौरान एसएसआई रविंद्र सिंह के अलावा हल्का लेखपाल तथा राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।
गांव अहाडी में कब्जा हटाती जेसीबी- फोटो : SAHARANPUR