सहारनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षाओं में सोमवार को 10वीं की विज्ञान विषय की महत्वपूर्ण परीक्षा हुई, लेकिन परीक्षार्थियों की तैयारी ने विज्ञान जैसे कठिन विषय को भी आसान बना दिया। जो परीक्षार्थी परीक्षा से पहले डरे हुए थे। उन्होंने प्रश्नपत्र मिलने के बाद आसानी से उसे हल किया। परीक्षा के बाद परीक्षार्थी खिले चेहरों के साथ बाहर निकले।
सोमवार को पहली पाली में दसवीं की विज्ञान विषय की परीक्षा सभी 98 केंद्रों पर हुई। इसके लिए जिले भर में 38,576 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनके सापेक्ष 36,330 ने परीक्षा दी, जबकि 2,246 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 12वीं की जीव विज्ञान एवं गणित विषय की परीक्षा 95 केंद्रों पर हुई। इन दोनों विषयों के लिए 14,852 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 14,130 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 722 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। इस प्रकार दसवीं और 12वीं दोनों कक्षाओं के विषयों में कुल 53,428 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 50,460 ने परीक्षा दी और 2,968 गैरहाजिर रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक योगराज सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहे और उनकी देखरेख में परीक्षा संपन्न कराई गई है। सेक्टर मजिस्ट्रेट और विभागीय सचल दलों ने केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, लेकिन किसी भी जगह नकल संबंधी कोई मामला सामने नहीं आया है।
प्रश्नपत्र पर परीक्षार्थियों की राय
गुरु नानक ब्वॉयज इंटर कॉलेज के छात्र निवेश ने बताया कि परीक्षा से पहले उनके मन में प्रश्नपत्र को लेकर भय था, लेकिन प्रश्नपत्र 70 फीसदी पाठ्यक्रम पर आधारित था और तैयारी अच्छी थी तो प्रश्न को हल करना आसान हो गया। निवेश ने 85 फीसदी तक अंक आने की उम्मीद व्यक्त की।
सिटी पब्लिक इंटर कॉलेज की अनुष्का ने प्रश्नपत्र को बेहद आसान बताया। कनिष्का कहना था कि एक-एक नंबर के 20 सवालों के जवाब ओएमआर शीट पर गोला काला कर देने थे। सभी सवाल आसान लगे, जिनमें पूरे नंबर मिलेंगे। चार और छह नंबर के सवाल भी कठिन नहीं लगे।
एसएएम इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकली परी के चेहरे पर मुस्कान थी। परी ने बताया कि परीक्षा को लेकर उसके मन में जो भरोसा था वह प्रश्नपत्र को पढ़कर और बढ़ गया, क्योंकि एक या दो सवालों को छोड़कर कोई ऐसा सवाल नहीं था, जो हल न किया जा सके। पूरा प्रश्नपत्र हल किया है।
जया पब्लिक स्कूल के उज्ज्वल ने बताया कि प्रश्नपत्र दो खंडों अ और ब में आया। अ के तीन उपखंड थे। सभी सवाल आसान लगे, जिसके चलते पूरा प्रश्न पत्र हल किया है। उज्ज्वल ने बताया कि आसान होने की वजह से प्रश्न पत्र तीन घंटे से पहले ही हल हो गया था।