कोर्ट रोड पर बस चालक की पिटाई से मौत के बाद गढ़ीमलूक घर पर विलाप करते परिजन
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोर्ट रोड पर स्कूली बस के ब्रेक फेल होने के बाद लोगों द्वारा की गई चालक की पिटाई से उसकी मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि अनफिट बस उसे चलाने को दी गई थी। परिजनों ने कोतवाली सदर बाजार पहुंचकर कुछ देर हंगामा भी किया। इसके बाद स्कूल प्रधानाचार्य, बस मालिक और पिटाई करने वाले दुकानदारों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ीमलूक निवासी हरपाल (51) दिल्ली रोड स्थित एक निजी स्कूल की बस चलाता था। बुधवार की दोपहर स्कूली बच्चों को लेकर वह कोर्ट पुल से जा रहा था। पुल की ढलान पर बस के इंजन में खराबी आ गई थी, जिस वजह से बस को रोक दिया गया था। इसके बाद बच्चों को उतारकर दूसरी बस में बैठा दिया गया। पुल की ढलान पर खड़ी बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए थे। बस पीछे की तरफ चलती हुई सड़क किनारे खड़े वाहनो रौंदते हुए बिजली के खंभों से टकराई थी और बड़ा हादसा होने से टल गया था। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने चालक हरपाल की पिटाई कर दी थी। सूचना पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस बस को कब्जे में लेकर पुलिस लाइन ले गई। पुलिस ने हरपाल को भी लोगों से छुड़वाया था। बाद में पुलिस ने हरपाल को उसके परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया था। हरपाल की पत्नी रोशनी उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची। यहां पर हरपाल को दवाईयां देकर घर भेज दिया गया। देर रात अचानक हरपाल की तबीयत बिगड़ गई। रात में ही परिजन निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां पर देर रात हरपाल की मौत हो गई। पत्नी रोशनी का अरोप है कि स्कूल प्रधानाचार्य ने अनफिट बस को स्कूल में लगवाया हुआ था, जिस कारण हादसा हुआ और उसके पति की मौत हो गई। रोशनी कहना है कि बस मालिक मैनेजर मौके पर था, लेकिन उसने उसके पति को अस्पताल में नहीं दिखाया। समय रहते उपचार न मिलने से उसके पति की जान गई है। परिजनों ने बस मालिक, स्कूल प्रधानाचार्य और पिटाई करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली सदर बाजार में कुछ देर हंगामा भी किया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। छानबीन के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।
परिजनों का रो-रोककर बुराहाल
हरपाल की मौत से परिजनों का रो-रोककर बुराहाल है। रोते-बिलखते परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हरपाल के हैं पांच बच्चे
हरपाल के पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे हैं। पत्नी रोशनी का कहना है कि बेटियों की शादी कर चुके हैं। वह आर्थिक रूप से भी कमजोर हैं। घर में कमाने वाले पति हरपाल ही थे। उनकी मौत से से परिवार पर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा है।
बस चालक हरपाल की : फाइल फोटो- फोटो : SAHARANPUR
कोर्ट रोड पर बस चालक की पिटाई से मौत के बाद गढ़ीमलूक घर पर हंगामा करते परिजन मौके पर मौजूद पुलिस- फोटो : SAHARANPUR