-मर उजाला फाउंडेशन की ओर से जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में लगेगा आज रक्तदान शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सामाजिक सरोकारों के प्रति संकल्पित अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदाता दिवस पर एसबीडी जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में बुधवार यानी आज रक्तदान शिविर लगेगा। इसमें फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट सहयोगी रहेगा। रक्तदान शिविर सुबह साढ़े नौ बजे शुरू होगा, जिसमें कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदाताओं को अमर उजाला की ओर से प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र करेंगे। उद्घाटन के दौरान एसबीडी जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. रतनपाल सिंह सुमन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक सहित अस्पताल के चिकित्सक व स्टाफ मौजूद रहेंगे। प्रमुख अधीक्षक डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने कहा कि शिविर में जिले के लोग स्वेच्छा से रक्तदान करते हैं। इस बार भी लोगों से अपील है कि रक्तदान कर चार लोगों की जान बचाने की पहल करें। शिविर में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें।
सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक का कहना है कि 18 से 60 साल तक के स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान करने से शरीर पर किसी भी तरह का दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है। रक्तदान करने से शरीर का खून पतला होता है। दूसरों की रक्षा और अपने शारीरिक स्वास्थ्य लाभ के लिए रक्तदान करना चाहिए।