धारा 144 का उल्लंघन करने पर न ही हुई कार्रवाई और न ही निकला विवाद का हल
बैठक कर गुर्जर व राजपूत समाज में बने तनाव खत्म करने की हो रही कवायद
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सम्राट मिहिर भोज प्रकरण को लेकर गुर्जर समाज व राजपूत समाज के बीच बने तनाव को पुलिस-प्रशासन न ही खत्म कर पाया और न ही धारा 144 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर पाया है। यह मामला पुलिस-प्रशासन के गले की फांस बना है।
दरअसल, सम्राट मिहिर भोज को लेकर गुर्जर और राजपूत समाज में पिछले कई दिनों से टकराव के हालात बने हैं। गुर्जर समाज सम्राट मिहिर भोज के गुर्जर सम्राट तो राजपूत समाज सम्राट मिहिर भोज के राजपूत सम्राट होने का दावा कर रहा है। इसी के चलते गुर्जर समाज ने तीन दिन पहले बिना अनुमति सम्राट मिहिर भोज गुर्जर गौरव यात्रा निकाली थी। मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसएसपी भी इनको रोक नहीं पाए थे। इसी के विरोध में राजपूत समाज ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया था और जाम लगाया था। राजपूत समाज ने यात्रा निकालने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। इसके साथ ही ऐसा न होने पर आंदोलन करने और यात्रा निकालने की चेतावनी दी थी।
मामले को चार दिन बीत गए हैं, लेकिन पुलिस-प्रशासन कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पाया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिले की इंटरनेट सेवा भी बंद की गई थी।
वहीं, पुलिस-प्रशासन बैठकों के माध्यम से दोनों समाज के बीच तनाव को खत्म करने के प्रयास में जुटा है। फिलहाल अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
विवाद का हल निकालने में जुटा प्रशासन
पुलिस-प्रशासन इस मामले में फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। इसलिए अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। क्योंकि, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद तनाव बढ़ सकता है। वहीं, मामला दर्ज न होने पर राजपूत समाज आंदोलन कर सकता है। इसलिए दोनों समाज के लोगों के साथ पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी बैठकें कर मसले का हल निकालने में लगे हैं।
-कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विवाद का हल निकालने का भी प्रयास किया जा रहा है। -डा. विपिन ताडा, एसएसपी