बढ़ेडी खुर्द सैनी गांव के बाहर प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत-ग्रामीण
देवबंद। जनप्रतिनिधियों की अनदेखी और समस्याओं का समाधान न कराए जाने से खफा बढेड़ी खुर्द गांव के सैनी समाज के लोगों ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का एलान किया है। उन्होंने इस संबंध में गांव के बाहर बैनर भी लगाया है।
बढ़ेडी खुर्द गांव के सैनी समाज के लोगों ने इस लोकसभा चुनाव का बहिष्कार कर जनप्रतिनिधियों से नाराजगी का इजहार किया है। ग्रामीण विजयपाल सैनी, विपिन सैनी, राजन सैनी, राहुल सैनी, जोगेंद्र सैनी, सतीश सैनी, धर्मवीर सैनी, सत्यवीर सैनी, सोनी लाल सैनी, लक्ष्मण सैनी, कदम सिंह सैनी आदि ने रविवार को गांव के बाहर बहिष्कार का बैनर लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व कोई भी जनप्रतिनिधि उनकी समस्या जानने के लिए गांव में नहीं पहुंचा। गांव में गंदे पानी की निकासी नहीं है। शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इतना ही नहीं नेताओं की शह पर दबंग किस्म के लोग सरकारी जमीनों पर लगातार कब्जे कर रहे हैं। विरोध पर उनके विरुद्ध झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई जाती हैं। इसलिए उन्होंने चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लिया है।