आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई नहीं कर पा रहे 22 वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। युवक की पहचान चिलकाना के गांव चोरीमंडी निवासी अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को सुपुर्दगी में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार को सरसावा स्थित अंबाला- सहारनपुर रेलवे ट्रैक पर भीखनपुर पुलिया के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक के कटने की सूचना पुलिस को मिली थी। सीओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की तलाशी के दौरान उसकी जेब से आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड से मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार अमित अविवाहित था और दो भाई-बहनों में बड़ा था। वह इंटरमीडिएट के बाद आगे पढ़ाई करना चाहता था, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण आगे की पढ़ाई नहीं कर पा रहा था। इसी बात को लेकर वह तनाव में चल रहा था।